LAC के पास 13700 फीट ऊँचाई पर भारत का न्योमा एयरबेस पूरी तरह हुआ चालू, वायुसेना के लिए साबित होगा ‘गेम-चेंजर’: फाइटर जेट्स का बनेगा ठिकाना

भारतीय वायुसेना (IAF) ने पूर्वी लद्दाख में स्थित न्योमा एयरबेस को पूरी तरह से काम करने लायक बना दिया है। यह भारत के लिए रणनीतिक रूप से बहुत बड़ी कामयाबी है। यह एयरबेस 13,700 फीट की ऊँचाई पर है और LAC से सिर्फ 30 किलोमीटर दूर है। इसे चालू करने से उस इलाके में भारत की हवाई ताकत कई गुना बढ़ जाएगी।

यह एयरबेस पहले केवल एक अस्थायी लैंडिंग जगह थी। बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) ने इसे अपग्रेड करके 2.7 किलोमीटर लंबा कंक्रीट रनवे बना दिया है। अब यह बेस फाइटर जेट्स, हेलीकॉप्टरों और बड़े ट्रांसपोर्ट विमानों को उतारने और चलाने में पूरी तरह सक्षम है।

यहाँ विमानों की मरम्मत, ईंधन भरने, रडार से निगरानी करने और पायलटों के ठहरने की भी सभी सुविधाएँ तैयार हैं। सिंधु नदी के किनारे बना यह एयरबेस भारत के लिए ‘गेम-चेंजर’ साबित होगा।

यह भारतीय वायुसेना को LAC पर किसी भी स्थिति में तेज और तुरंत जवाब देने की क्षमता देगा। इससे निगरानी बढ़ेगी और सेना के लिए जरूरी सामान पहुँचाने का काम भी दोगुनी तेजी से किया जा सकेगा। यह बेस न केवल चीन बल्कि पाकिस्तान की उत्तरी सीमाओं पर भी भारत की हवाई बढ़त को मजबूत करेगा।