अमेरिका में भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला की तीन साल पहले पुलिस की तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से मौत हो गई थी। अब अमेरिकी सरकार ने जाह्नवी के परिवार को 29 मिलियन डॉलर (लगभग ₹260 करोड़) के मुआवजे का ऐलान किया है। यह अमेरिका में पुलिस की लापरवाही से हुई मौत के मामलों में अब तक की सबसे बड़ी मुआवजे की रकम है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 23 साल की जाह्नवी कंडुला भारत से अमेरिका के सीएटल में नॉर्थईस्ट्रन यूनिवर्सिटी में इंफॉर्मेशन सिस्टम विषय में मास्टर्स डिग्री करने गई थी। घटना साल 2023 की है, जब सीएटल पुलिस के अधिकारी केविन डेव एक ड्रग ओवरडोज कॉल पर जा रहे थे।
वे 119 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे। तब सड़क पार करते हुए जाह्नवी उनकी गाड़ी से टक्कर हो गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अधिकारी को बाद में लापरवाह ड्राइविंग के लिए 5000 डॉलर का जुर्माना लगाया गया। उन्हें पुलिस की नौकरी से सस्पेंड तक कर दिया गया।
मामला तब और गरमा गया था, जब एक दूसरे पुलिस अधिकारी डैनियल ऑडरर की बॉडी कैमरा रिकॉर्डिंग सामने आई, जिसमें वह हँसते हुए कह रहे थे कि जाह्ववी की जिंदगी की ‘लिमिटेड वैल्यू’ है और ‘प्रशासन को बस एक चेक लिख देना चाहिए।’ इसके बाद भारतीय राजनयिकों ने मामले में जाँच की माँग की थी। इसी क्रम में काउंटी सुपीरियर कोर्ट ने मुआवजे का ऐलान किया।

