कनाडा में भारतीय छात्र की हत्या, 20 साल के शिवांक को टोरंटो यूनिवर्सिटी के कैंपस के पास मारी गई गोली: पुलिस बोली- 1 साल में शहर में हुआ 41वाँ मर्डर

कनाडा के यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो के स्कारबोरो कैंपस के पास 20 वर्षीय भारतीय पीएचडी छात्र शिवांक अवस्थी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। टोरंटो पुलिस के मुताबिक, यह घटना मंगलवार (23 दिसंबर 2025) को दोपहर करीब 3:34 बजे हाईलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्सटन रोड इलाके में हुई।

पुलिस को ‘अनजान डिस्ट्रेस’ से जुड़ी कॉल मिलने के बाद जब टीम मौके पर पहुँची तो एक युवक गंभीर हालत में मिला। जाँच में सामने आया कि उसे गोली मारी गई थी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो चुकी थी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौक से फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार, यह हत्या साल 2025 में टोरंटो की 41वीं मर्डर की घटना है।

दूतावास की प्रतिक्रिया

भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में लिखा, “हम टोरंटो स्कारबोरो कैंपस यूनिवर्सिटी के पास एक दुखद गोलीबारी की घटना में एक युवा भारतीय डॉक्टरेट छात्र, श्री शिवांक अवस्थी की दुखद मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हैं। दूतावास इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवार के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर सभी जरूरी सहायता दे रहा है।”

कैंपस में डर का माहौल, सुरक्षा पर उठे सवाल

इस हत्या के बाद यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबरो के छात्रों में डर और गुस्सा दोनों देखने को मिल रहा है। कैंपस के छात्रों ने चिंता जताते हुए कहा कि शिवांक को दिनदहाड़े कैंपस के भीतर स्थित वैली एरिया में गोली मारी गई, जो छात्रों के लिए आम तौर पर इस्तेमाल होने वाला इलाका है। छात्रों का आरोप है कि कैंपस सुरक्षा को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन उन पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया।

गौरतलब है कि यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब हाल ही में टोरंटो में एक और भारतीय मूल की महिला हिमांशी खुराना की हत्या का मामला सामने आया था। पुलिस ने इस मामले को कथित तौर पर ‘इंटिमेट पार्टनर वायलेंस’ से जुड़ा बताया है और आरोपित की तलाश कर रही है।