नासिर हुसैन ने 2 बच्चों की माँ सरबजीत को कबूल करवाया इस्लाम, निकाह करके नाम ‘नूर’ रखा: पाकिस्तान में गायब हुई सिख श्रद्धालु की मिली खबर, भारत सरकार ने PAK से जवाब माँगा

पाकिस्तान के करतारपुर में गुरु नानक देव की 555वीं जयंती के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुँचे थे। इन्हीं में पंजाब के कपूरथला की 52 वर्षीय सरबजीत कौर भी शामिल थीं, जो 4 नवंबर 2025 को जत्थे के साथ गई थीं। लेकिन 13 नवंबर को जत्था भारत लौटा तो सरबजीत उसमें नहीं थीं। गुमशुदगी की खबर के बाद जब जाँच शुरू हुई, तो सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो और निकाहनामे से पता चला कि उनका धर्मांतरण कराकर निकाह कर दिया गया है। यह घटना पाकिस्तान में हिंदू और सिख महिलाओं के जबरन धर्मांतरण और निकाह की लगातार सामने आती रही खबरों की पुष्टि करती है।

जत्थे से गायब होने और धर्मांतरण की पुष्टि

जानकारी के अनुसार, जब भारतीय इमीग्रेशन को सरबजीत कौर के नहीं लौटने की जानकारी मिली, तो तुरंत पंजाब पुलिस को सूचित किया गया। जाँच में पता चला कि सरबजीत कौर जत्थे से रहस्यमय तरीके से गायब हो गई थीं।

इसी बीच, पाकिस्तान से एक वीडियो और एक निकाहनामा सामने आया, जिसने पूरे मामले को बदल दिया। निकाहनामे के अनुसार, सरबजीत कौर ने इस्लाम कबूल कर लिया है और अपना नाम बदलकर ‘नूर‘ रख लिया है। उन्होंने पाकिस्तान के शेखपुरा जिले के नासिर हुसैन से निकाह भी कर लिया है।

महिला की निजी पृष्ठभूमि

सरबजीत कौर का पासपोर्ट मुक्तसर जिले के मलोट क्षेत्र के पते पर बना है। वह पहले शादीशुदा थीं, लेकिन उनका तलाक हो चुका है। उनके पूर्व पति करनैल सिंह पिछले लगभग 30 वर्षों से इंग्लैंड में रहते हैं। सरबजीत के दो बेटे भी हैं। फिलहाल पंजाब पुलिस ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट भारतीय एजेंसियों को सौंप दी है। इस पूरे मामले की आगे की जाँच जारी है।