‘ईरान के साथ युद्ध के बीच इजरायल में भारतीयों को नहीं मिल रहा शेल्टर’: सोशल मीडिया पर हो रहा ‘फर्जी’ दावा, यहूदी मुल्क ने खुद बताई सच्चाई

इजरायल-अमेरिका के ईरान पर हमले और तेहरान के पलटवार के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक सबवे (भूमिगत रास्ते) में लोगों के सोने की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है और इसके साथ दावा किया जा रहा है कि येरुशलम में भारतीयों को शरण नहीं दी जा रही है।

इन खबरों पर इजरायल ने प्रतिक्रिया दी है। इजरायल सरकार ने इन दावों को ‘फेक न्यूज’ बताते हुए साफ कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि वायरल तस्वीर को गलत तरीके से फैलाया जा रहा है और इसका भारतीय नागरिकों को शरण न मिलने से कोई संबंध नहीं है।

X पर एक पोस्ट में एक तस्वीर शेयर कर दावा किया गया था, “इजरायल में बंकरों के शेल्टर में जाने की अनुमति न मिलने के बाद भारतीय लोग सबवे (भूमिगत रास्तों) में सोते हुए।” इस पर भारत में इजरायली दूतावास के प्रवक्ता गाइ निर ने कहा कि तस्वीर में ‘हर जाति और समुदाय’ के लोग साफ दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने X पर लिखा, “यह फेक न्यूज है। तस्वीर में साफ दिख रहा है कि अलग-अलग समुदायों के लोग मौजूद हैं। इजरायल में मेट्रो स्टेशन आधिकारिक रूप से सुरक्षित जगह घोषित हैं। मेरे तेल अवीव के कई दोस्त भी वहाँ रात बिताते हैं। और जैसा आप देख सकते हैं, भारतीय नागरिकों का भी स्वागत है, जैसे बाकी सभी देशों के लोगों का है।”

पिछले हफ्ते तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने इजरायल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की थी। यह सलाह उस समय दी गई, जब बेंजामिन नेतन्याहू की अगुवाई वाली इजरायली सरकार ने अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर हमले शुरू किए। क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत ने अपने नागरिकों से खास सावधानी बरतने को कहा।

दूतावास ने भारतीयों से अपील की कि वे हर समय सतर्क रहें, बेवजह बाहर न निकलें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। साथ ही कहा गया कि लोग आसपास की स्थिति पर नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत दूतावास से संपर्क करें।