भारतीय तुरंत छोड़ दें ईरान: प्रदर्शनों में 2500+ लोगों की मौत के बाद भारत सरकार ने जारी की एडवाइजरी, MEA ने कहा- शिया मुल्क की यात्रा ना करें

ईरान में जारी हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच भारत सरकार ने बुधवार (14 जनवरी 2025) को ईरान में मौजूदा भारतीय नागरिकों के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास की ओर से जारी इस एडवाइजरी में कहा गया है कि ईरान में बिगड़ते सुरक्षा हालात को देखते हुए वहाँ रह रहे भारतीय नागरिक जल्द से जल्द देश छोड़ दें।

यह एडवाइजरी छात्रों, व्यापारियों और पर्यटकों सभी पर लागू होगी। दूतावास ने स्पष्ट किया है कि नागरिक उपलब्ध सभी साधनों खासकर कमर्शियल फ्लाइट्स के जरिए ईरान से निकाल आएँ। साथ ही, विदेश मंत्रालय ने भी एक एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि वे ईरान की यात्रा ना करें।

दरअसल, ईरान में क्षेत्रीय तनाव तेजी से बढ़ा है। अमेरिका की संभावित सैन्य कार्रवाई की आशंकाओं के बीच कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन जारी हैं, जिनमें अब तक 2500 से अधिक लोगों की मौत की खबर है। भारत सरकार ने नागरिकों से सतर्क रहने और अशांत क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।