दिल्ली से दुबई तक फैला था पवन ठाकुर नाम के तस्कर का काला साम्राज्य, इंटरपोल ने दबोचा: ₹2500 करोड़ की ड्रग केस में थी तलाश, UAE से लाया जा रहा भारत

इंटरनेशनल ड्रग तस्कर पवन ठाकुर को दुबई में इंटरपोल ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे भारत लाने की तैयारी है। हाल ही में दिल्ली में एनसीबी ने 282 करोड़ की मेथ ड्रग्स की खेप पकड़ी थी। इस तस्करी के पीछे पवन ठाकुर का नाम आया था। इसके अलावा कई दूसरे मामलों में भी वह मोस्ट वांटेड है।

नवंबर 2024 में दिल्ली में 2500 करोड़ रुपए की कोकीन एनसीबी ने बरामद की थी। उस मामले में भी पवन ठाकुर का नाम सामने आया था। इसके बाद एनसीबी ने गिरफ्तारी के लिए इंटरपोल से मदद माँगी। उसके खिलाफ ‘सिल्वर नोटिस’ जारी किया गया।

एनसीबी को उसके हवाला कारोबार का भी पता चला है। इसके जरिए वह अपनी काली कमाई को सफेद करता रहा है। उसका हवाला नेक्सस दिल्ली से दुबई तक फैला हुआ है। दुबई में बैठकर वह मनी लॉन्ड्रिंग से ड्रग्स तस्करी तक का कारोबार चला रहा था।

एनसीबी के साथ-साथ ईडी की भी पवन ठाकुर पर कड़ी नजर है। भारत में उसके कई ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। 118 ‘म्यूल अकाउंट्स’ को फ्रीज किया गया।

पवन ठाकुर की गिरफ्तारी कई मायने में अहम है। उससे पूछताछ में कई छोटे-बड़े ड्रग्स नेटवर्क का पता चल सकता है। इंटरनेशनल, नेशनल और लोकल हर तरह के रैकेटों पर शिकंजा कसा जा सकेगा।