खामेनेई शासन के विरुद्ध उठाई आवाज, 26 साल के लड़के को फाँसी देगी ईरान सरकार: प्रदर्शन में शामिल 10 हजार लोगों को अब तक पकड़ा, मरने वालों की संख्या 646 पहुँची

ईरान में जारी सरकार-विरोधी प्रदर्शन में मरने वालों की संख्या 646 पहुँच गई है। अपने 16वें दिन में पहुँचे इन प्रदर्शनों में अब तक 10721 गिरफ्तारियाँ हो चुकी हैं। अमेरिका के मानवाधिकार कार्यकर्ता न्यूज एजेंसी (HRANA) ने सोमवार (12 जनवरी 2026) को यह आँकड़ा जारी किया है।

HRANA की रिपोर्ट में यह भी शामिल किया गया कि ईरान में इंटरनेट बंद हुए 100 घंटे से ज्यादा हो गए हैं। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस्लामी रिजीम पर हमला करने की धमकी देने के बाद कहा कि ईरान वॉशिन्गटन से बात करना चाहता है।

प्रदर्शनों के बीच एक निंदनीय खबर भी सामने आई है। ईरान की इस्लामी खामेनेई सरकार ने 26 साल के प्रदर्शनकारी इरफान सोलतानी को मौत की सजा सुनाई है। सोलतानी को बुधवार (14 जनवरी 2026) को फाँसी दी जाएगी। उन्हें प्रदर्शन के दौरान 08 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले भी खामेनेई सरकार ने प्रदर्शनकारियों को गोली मारकर मौत के घाट सुलाया है।