‘इस बार गोली सिर्फ छूकर नहीं निकलेगी’: ईरान के सरकारी चैनल पर यूँ दी गई ट्रंप को जान से मारने की धमकी; इस्लामी मुल्क ने किए हवाई क्षेत्र बंद, इरफान सुल्तानी की फाँसी टली

ईरान में सरकार का विरोध करने सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों की हत्याएँ रुक रही हैं। यह दावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने किया है। उन्होंने कहा कि विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि ईरान में हत्याएँ रुक रही हैं, अब फाँसी या किसी को मौत की सजा देने की कोई योजना नहीं है।

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराकची ने भी बुधवार (14 जनवरी 2026) को फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में कहा, “फाँसी देने की कोई योजना नहीं है। फाँसी का तो सवाल ही नहीं उठता।” विदेश मंत्री का यह बयान ईरानी सरकार के प्रदर्शनकारियों पर तेज ट्रायल और जल्दी से फाँसी देने के ऐलान के बाद आया है।

इससे पहले ईरान के न्यायपालिका प्रमुख गुलाम हुसैन मोहसेनी-एजेई ने कहा कि सरकार को हिरासत में लिए गए 18 हजार से अधिक लोगों को जल्द से जल्द सजा देनी होगी। उन्होंने कहा, “अगर हमें कोई काम करना है, तो हमें उसे अभी करना चाहिए। अगर हम कुछ करना चाहते हैं, तो हमें उसे जल्दी करना होगा। अगर इसमें दो या तीन महीने की देरी होती है, तो इसका उतना असर नहीं होता। अगर हम कुछ करना चाहते हैं, तो हमें उसे तेजी से करना होगा।”

इरफान सोल्तानी को फाँसी?

वहीं, ईरान की खामेनेई सरकार ने 26 साल के प्रदर्शनकारी इरफान सोल्तानी को फाँसी की सजा सुनाई थी, वह इस प्रदर्शन में ये सजा पाने वाले पहले व्यक्ति थे। उन्हें बुधवार को फाँसी दी जानी तय थी। इस फैसले के बाद ट्रंप ने ईरान को धमकी दी थी, “अगर वे फाँसी देते हैं, तो आप कुछ भयानक देखेंगे।”

ट्रंप की धमकी के बाद इरफान सोल्तानी को फाँसी नहीं दी गई। अमेरिका के एक मानवाधिकार संगठन ने जानकारी दी कि सोल्तानी की फाँसी की सजा टाल दी गई है। हालाँकि, सोल्तानी के रिश्तेदार ने कहा कि सुल्तानी अभी भी खतरे में है और उसे किसी भी समय फाँसी दी जा सकती है।

ईरान की ट्रंप को जान से मारने की धमकी

उधर, ईरान के सरकारी टीवी चैनल पर डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की धमकी जारी की गई। AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के टीवी चैनल पर पेंसिल्वेनिया के बटलर में 2024 में ट्रंप को गोली छूकर जाने की फुटेज दिखाई गई, जिसके साथ संदेश लिखा था- “इस बार गोली निशाने से नहीं चूकेगी।”

यह पहली बार ईरान की अमेरिका को सीधे तौर पर धमकी है। इससे पहले सिर्फ ट्रंप ही ईरानी सरकार को धमकी दे रहे थे कि अगर वे प्रदर्शनकारियों पर जुल्म जारी रखेंगे, तो अमेरिका उन पर हमला करेगा।

ईरान का हवाई क्षेत्र बंद, इंडिगो की ए़डवाइजरी

ईरान में व्यापक रूप से जारी सरकार विरोधी प्रदर्शन और अमेरिका से तनाव के बीच ईरान ने बुधवार (14 जनवरी 2026) को हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। इनमें ईऱान से आने-जाने वाली उड़ानों को छोड़कर सारी फ्लाइट रद्द कर दी गईं। इस संदर्भ में एअर इंडिया और इंडिगो एयरलाइन ने एडवाइजरी जारी की।

एअर इंडिया ने कहा कि ईरान में मौजूदा हालात और उसके हवाई क्षेत्र के बंद होने के मद्देनजर और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उस क्षेत्र से गुजरने वाली एअर इंडिया की उड़ानों वैकल्पिक मार्ग से उड़ाया जा रहा है। इसीलिए देरी की संभावना है। इंडिगो एयरलाइन ने भी इसी तरह की एडवाइजरी जारी की है।