ईरान और अमेरिका के बीच जारी भीषण युद्ध के कारण पैदा हुए ऊर्जा संकट के बीच राहत भरी खबर है। UAE से 2 एलपीजी (LPG) टैंकर और सऊदी अरब से एक कच्चा तेल (Crude Oil) ले जा रहा जहाज भारत के लिए रवाना हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, भारतीय जहाजों ‘एमवी जग वसंत’ और ‘एमवी पाइन गैस’ ने सोमवार (23 मार्च 2026) शाम रणनीतिक रूप से संवेदनशील ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ को सुरक्षित पार कर लिया है। ईरान से मंजूरी मिलने के बाद ये जहाज अब भारतीय नौसेना की सुरक्षा घेरे में आगे बढ़ रहे हैं।
नौसेना प्रमुख ने रद्द किया विदेशी दौरा
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और शिपिंग संकट की गंभीरता को देखते हुए भारतीय नौसेना प्रमुख दिनेश त्रिपाठी ने अपना ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का आधिकारिक दौरा रद्द कर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश पर नौसेना ने खाड़ी क्षेत्र में अपने ‘कोलकाता क्लास’ विध्वंसक तैनात किए हैं, ताकि भारतीय चालक दल और मालवाहक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जल्द पहुँचेंगे भारतीय बंदरगाह
लगभग 92,612 मीट्रिक टन गैस लेकर आ रहा ‘जग वसंत’ 26 मार्च को कांडला और ‘पाइन गैस’ 28 मार्च को न्यू मंगलौर पहुँचेगा। वहीं, कच्चे तेल से लदा ‘एमटी कलिस्टा’ सऊदी अरब के यनबू पोर्ट से पारादीप के लिए रवाना हो रहा है। मिसाइल और ड्रोन हमलों के डर के बीच भारतीय नौसेना लगातार इन जहाजों के कप्तानों के संपर्क में है ताकि उनका हौसला बना रहे।

