ISIS के निशाने पर RSS का दफ्तर, दिल्ली की आजादपुर मंडी में भी की रेकी: गुजरात से गिरफ्तार आतंकियों का खुलासा, जहरीला केमिकल कर रहे थे तैयार

गुजरात एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त कार्रवाई में रविवार (9 नवंबर 2025) को अहमदाबाद से ISIS से जुड़े आतंकियों को गिरफ्तार किया था। जाँच में खुलासा हुआ है कि ये आतंकी गुजरात समेत देशभर में बड़े हमलों की साजिश रच रहे थे। इसके लिए आतंकियों ने लखनऊ स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय और दिल्ली की आजादपुर मंडी की रेकी की थी।

गिरफ्तार किए गए आतंकियों की पहचान आजाद सुलेमान शेख, मोहम्मद सुहैल और अहमद मोहिउद्दीन सैयद के रूप में हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रेकी की गई दोनों जगहों को संभावित आतंकी हमलों के लिए चुना गया था।

जाँच में हुए कई बड़े खुलासे

जाँच में खुलासा हुआ है कि शेख और सुहैल ने राजस्थान के हनुमानगढ़ से हथियार जुटाए थे और उन्हें गाँधीनगर के एक कब्रिस्तान में छिपाया था। वहीं, हैदराबाद निवासी मोहियुद्दीन को ये हथियार लेकर लौटना था लेकिन गुजरात ATS ने समय रहते उसे शुक्रवार (7 नवंबर 2025) की रात गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान मोहियुद्दीन के पास से चार विदेशी पिस्तौल, 30 कारतूस और 40 लीटर कैस्टर ऑयल बरामद हुआ। उसके मोबाइल की जाँच में दो अन्य साथियों के संपर्क और पूरे आतंकी मॉड्यूल की गतिविधियों की जानकारी मिली। इसके बाद ATS ने आजाद शेख और मोहम्मद सुहैल को भी गिरफ्तार कर लिया।

गुजरात ATS के DIG सुनील जोशी ने बताया कि डॉ अहमद मोहियुद्दीन सैयद ने चीन से MBBS की पढ़ाई की है। वह ISIS-खुरासान प्रांत के सदस्य अबू खादिम के संपर्क में था, जिसने उसे भारत विरोधी गतिविधियों के लिए फंड जुटाने और भर्ती अभियान चलाने का काम सौंपा था।

जाँच में यह भी सामने आया है कि मोहियुद्दीन साइनाइड से जहरीला पदार्थ तैयार करने की कोशिश कर रहा था। ATS अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की सप्लाई कहाँ से हुई और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य स्लीपर सेल कहाँ सक्रिय हैं। फिलहाल गिरफ्तार तीनों आरोपितों से पूछताछ जारी है।