इस्लामाबाद में धमाके के बाद डरी श्रीलंकाई टीम, 8 खिलाड़ी बीच सीरीज छोड़कर लौटे घर: 2009 की यादें हुई ताजा, जब क्रिकेटरों से भरी बस पर हुआ था हमला

इस्लामाबाद में हुए बम धमाके के बाद श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के 8 खिलाड़ियों ने पाकिस्तान दौरा बीच में ही छोड़ने का फैसला किया है। सोमवार (10 नवंबर 2025) को इस्लामाबाद की एक कोर्ट के पास हुए इस धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने बुधवार (12 नवंबर 2025) को खिलाड़ियों के लौटने की पुष्टि की।

जानकारी के अनुसार, बताया जा रहा है कि रावलपिंडी में गुरुवार (13 नवंबर 2025) को होने वाला दूसरा वनडे अब रद्द हो सकता है। पाकिस्तान ने मंगलवार (11 नवंबर 2025) को खेले गए पहले मुकाबले में 6 रनों से जीत दर्ज की थी। धमाके के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और बोर्ड से स्वदेश लौटने की अनुमति माँगी।

इस घटना के बाद श्रीलंकाई टीम की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने ‘फूलप्रूफ सुरक्षा’ का भरोसा भी दिलाया था, लेकिन खिलाड़ी इससे संतुष्ट नहीं हुए। गौरतलब है कि साल 2009 में दूसरे टेस्ट के लिए लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम जाते समय श्रीलंकाई टीम की बस पर बंदूकधारियों ने हमला किया था, जिसके बाद पाकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करीब दस साल तक ठप रहा था।