इजरायल ने बेरूत में किए हवाई हमले, ईरान में मृतकों का आँकड़ा 1000 के पार: IDF ने कहा- 300 ईरानी मिसाइल लॉन्चर नष्ट

मिडिल ईस्ट में लगातार छठे दिन भी जंग जैसे हालात बने हुए हैं और हालात लगातार बिगड़ते ही जा रहे हैं। इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरूत के बीचों-बीच एक होटल और एक रिहायशी इमारत पर हवाई हमला किया। इस हमले में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायल ने हिज्बुल्लाह के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई तेज कर दी है। यह हमले ऐसे समय में हो रहे हैं जब ईरान और इजरायल के बीच सीधा टकराव बढ़ता जा रहा है और पूरे क्षेत्र में संघर्ष फैलने का खतरा मंडरा रहा है।

वहीं, ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में मरने वालों की संख्या 5 दिनों में 1,000 के पार पहुँच गई है। राज्य मीडिया के अनुसार, बुधवार (4 मार्च 2026) शाम तक मरने वालों का आँकड़ा 1045 से अधिक हो चुका है।

इजरायल की वायुसेना ने रात भर और बुधवार तक ईरान में ‘व्यापक’ हमले किए। इन हमलों में ईरानी शासन से जुड़े कई अहम ठिकानों को निशाना बनाया गया। दूसरी ओर ईरान ने भी इजरायल के रिहायशी इलाकों की ओर बैलिस्टिक मिसाइलों की बौछार जारी रखी। इजरायल ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई का कोई उत्तराधिकारी बनता है, तो वह भी ‘स्पष्ट और सीधा’ निशाना होगा।

इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) के मुताबिक, तेहरान में किए गए हमलों में ईरान की बसीज अर्धसैनिक बल और आंतरिक सुरक्षा बलों के दर्जनों कमांड सेंटर तबाह किए गए। इसके अलावा ईरानी सेना की लॉजिस्टिक्स डिवीजन, मिसाइल लॉन्चर और एयर डिफेंस सिस्टम से जुड़े कई ठिकानों को भी निशाना बनाया गया।

इजरायली सेना ने यह भी कहा कि मौजूदा लड़ाई शुरू होने के बाद से अब तक करीब 300 ईरानी मिसाइल लॉन्चरों को हवाई हमलों में नष्ट किया जा चुका है। कुल मिलाकर ईरान-इजरायल टकराव अब एक व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष का रूप लेता दिख रहा है, जिसमें मिडिल ईस्ट के अन्य देश भी किसी न किसी रूप में प्रभावित हो रहे हैं।