प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (10 दिसंबर 2025) को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की। इसमें दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने खुद एक्स पर इसकी जानकारी दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “मैंने अपने दोस्त प्रधानमंत्री नेतन्याहू से बात की। हमने भारत-इजरायल रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की और अपने सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई। हमने आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की अपनी साझा प्रतिबद्धता को भी दोहराया।”
Spoke with my friend Prime Minister Netanyahu. We reviewed progress in the India-Israel Strategic Partnership and agreed to further strengthen our cooperation. Also reaffirmed our shared commitment to zero tolerance for terrorism. India supports all efforts aimed at achieving a…
— Narendra Modi (@narendramodi) December 10, 2025
बातचीत के दौरान नेतन्याहू ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर अपने विचार साझा किए। पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में ‘न्यायपूर्ण और स्थायी शांति’ के प्रयासों के प्रति भारत के समर्थन को दोहराया और गाजा पीस प्लान के शीघ्र क्रियान्वयन पर जोर दिया।
दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल रणनीतिक संबंधों में जारी सकारात्मक गति पर संतोष जताया और पारस्परिक हितों के लिए इन्हें और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। बातचीत में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने आतंकवाद की कड़ी निंदा की और उसके हर रूप के प्रति जीरो-टॉलरेंस के रुख को दोहराया। अंत में, दोनों नेताओं ने आगे भी नियमित संपर्क में बने रहने पर सहमति जताई।

