1000+ सुसाइड बॉम्बर तैयार हैं: जैश के सरगना मसूद अजहर की नई गीदड़भभकी, कहा- भारत में घुसपैठ के लिए बना रहे दबाव

प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना और संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित वैश्विक आतंकवादी मसूद अजहर का एक नया ऑडियो सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। इस ऑडियो में मसूद अजहर खुलेआम यह दावा करता सुनाई देता है कि उसके पास हजारों आत्मघाती हमलावर मौजूद हैं और वो किसी भी समय हमले के लिए तैयार हैं। यह बयान न सिर्फ उसकी आतंकी मानसिकता को उजागर करता है बल्कि पाकिस्तान में पनप रहे आतंक के जहर की भी पोल खोलता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑडियो में मसूद अजहर यह कहता है कि उसके संगठन के पास एक हजार से कहीं अधिक सुसाइड बॉम्बर हैं और उस पर भारत में घुसपैठ की अनुमति देने का दबाव बनाया जा रहा है। उसका यह भी दावा है कि यदि वह इनकी वास्तविक संख्या उजागर कर दे तो अंतरराष्ट्रीय मीडिया में हड़कंप मच जाएगा। साफ है कि आतंकी संगठन अपने कैडर को ‘शहादत’ के नाम पर गुमराह कर लगातार हिंसा के लिए उकसा रहा है।

सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे भड़काऊ और डर फैलाने वाले ऑडियो संदेश आमतौर पर तब जारी किए जाते हैं, जब आतंकी संगठन दबाव में होता है और उसकी संरचना कमजोर पड़ रही होती है। गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर में जैश-ए-मोहम्मद के कई ठिकानों को तबाह किया गया था। इस कार्रवाई में मसूद अजहर के कई करीबी रिश्तेदारों समेत अनेक आतंकी मारे गए थे।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह ऑडियो मसूद अजहर की बौखलाहट और पाकिस्तान में बैठे आतंकियों की हताशा को दिखाता है। फिलहाल यह जाँच का विषय है कि जैश-ए-मोहम्मद वास्तव में किस स्तर की तैयारी कर रहा है और उसके मंसूबों को नाकाम करने के लिए सुरक्षा एजेंसियाँ क्या रणनीति अपना रही हैं। इतना तय है कि पाकिस्तान की सरपरस्ती में पल रहा आतंक एक बार फिर खुद को उजागर कर चुका है।