बांग्लादेश में अब हिंदू कलेक्टर के पीछे पड़े इस्लामी कट्टरपंथी, जमात कैंडिडेट का नॉमिनेशन किया था रद्द: भीड़ ने घेरा, जमकर की नारेबाजी

बांग्लादेश में हिंदुओं पर लगातार अत्याचार हो रहा है। कहीं हिंदू की मारपीट कर हत्या कर दी गई, तो कहीं घर जलाए गए। अब यह अत्याचार बड़े पदों पर बैठे हिंदू अधिकारियों को भी सहना पड़ रहा है। हाल ही में सामने आए मामले में देखा गया कि हिंदू महिला जिला आयुक्त (DC) को जमात-ए-इस्लामी से धमकियाँ मिल रही हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह धमकियाँ डीसी अन्नपूर्णा देबनाथ को जमात के उम्मीदवार बैरिस्टर सालेही का नामांकन रद्द होने की वजह से मिल रही हैं। सालेही का नामांकन रद्द करने की वजह है कि उस पर बांग्लादेश और ब्रिटेन दोनों देशों की नागरिकता रखने का आरोप लगा था।

इसके बाद डीसी अन्नपूर्णा ने कानून के तहत सालेही का नामांकन रद्द कर दिया। लेकिन जमात-ए-इस्लामी के समर्थक इससे भड़क गए। डीसी कार्यालय पहुँचकर हंगामा किया और देश से बाहर निकालने को भी धमकाया। डीसी के खिलाफ ‘भारत और आवामी लीग की दलाल’, ‘यह डीसी यहाँ नहीं रह सकती’ जैसे नारे लगाते हुए इस्तीफे की माँग की।