जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल करते हुए 19 वर्षीय संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद को गिरफ्तार किया है। साजिद पाकिस्तान और अन्य देशों में बैठे हैंडलरों के संपर्क में था और जम्मू में किसी बड़ी आतंकी वारदात की तैयारी कर रहा था। पुलिस उसे छह दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
पाकिस्तान से संपर्क और कट्टरपंथ फैलाने का खुलासा
पुलिस जाँच में सामने आया है कि साजिद पाकिस्तान आधारित नंबरों और विदेशी संपर्कों के जरिए दिशा-निर्देश ले रहा था। उसके फोन से कई संदिग्ध चैट, कॉल रिकॉर्ड और जिहादी वीडियो बरामद हुए हैं, जिनका उद्देश्य उसे कट्टरपंथ की ओर धकेलना था। पुलिस को संदेह है कि वह ऑनलाइन युवाओं को भी कट्टरपंथी बना रहा था और किसी आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा हो सकता है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों की कर चुका था रेकी
पिछले कुछ दिनों में साजिद की मोबाइल लोकेशन रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और धार्मिक स्थलों के आसपास मिली है, जिससे पुलिस को शक है कि वह आतंकी हमले की रेकी कर रहा था। बुधवार (26 नवंबर 2025) की देर रात उसे जम्मू के सुजवाँ में नाके पर पकड़ा गया। उसके खिलाफ बाहु फोर्ट थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 113(3) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
नीट तैयारी का बहाना, अब्बू सीआरपीएफ में तैनात
रियासी निवासी साजिद के अब्बू मोहम्मद असलम सीआरपीएफ में हैं और वर्तमान में दिल्ली में तैनात हैं। परिवार तीन वर्ष पहले जम्मू के बठिंडी में शिफ्ट हुआ था। साजिद नीट की तैयारी के नाम पर किराये के मकान में रह रहा था और अक्सर एक निजी लाइब्रेरी में पढ़ाई करने जाता था, ताकि उस पर संदेह न हो।
कड़ी सुरक्षा के बीच जाँच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या साजिद किसी बड़े हमले की तैयारी में था या वह प्रारंभिक चरण में पकड़ा गया।

