बिहार चुनाव से पहले प्रशांत किशोर को बड़ा झटका, मुंगेर जिलाध्यक्ष समेत 12+ नेताओं ने BJP का थामा दामन: तारापुर में डिप्टी सीएम ने माला पहनाकर किया स्वागत

बिहार चुनाव से पहले प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मुंगेर जिलाध्यक्ष योगेंद्र मंडल उर्फ जोगी मंडल सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीजेपी का दामन थाम लिया है।

दरअसल, गुरुवार (16 अक्टूबर 2025) को बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर से अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर विशाल जनसभा आयोजित की गई। तभी उपमुख्यमंत्री ने जन सुराज के बागी नेताओं को बीजेपी में शामिल किया। इनमें जन सुराज के मुंगेर जिलाध्यक्ष योगेंद्र मंडल, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कविता कुमारी, प्रदेश कार्य समिति के सदस्य समीर मधुकर, विनोद मंडल, प्रकाश माझी और प्रमोद मंडल समेत 12 से अधिक कार्यकर्ता शामिल हैं।

इन सभी नेताओं का उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने माला पहनाकर बीजेपी में स्वागत किया। ये सभी नेता जन सुराज पार्टी की नीतियों और कार्यशैली से असंतुष्ट थे, जिसके चलते उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया।

योगेंद्र मंडल की पत्नी नीलम देवी तारापुर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद हैं, जिससे इस घटनाक्रम को स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह घटनाक्रम जन सुराज की चुनावी रणनीति को बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर जब पार्टी मुंगेर, जमालपुर और तारापुर से उम्मीदवार उतार चुकी हैं।