झारखंड के जमशेदपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें पुलिस की वर्दी पहने कुछ लोग एक युवक को सड़क किनारे गिराकर पीटते नजर आ रहे हैं। जिस युवक की लोगों द्वारा पिटाई की जा रही है वो दर्द से कराहते हुए बार-बार ‘अल्लाह बचाओ-अल्लाह बचाओ’ चिल्लाता नजर आ रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 2 की है। घायल युवक की पहचान मोहम्मद बुचुआ के रूप में हुई है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि पिटाई के बाद युवक वहीं घायल अवस्था में पड़ा रहा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना शनिवार (6 दिसंबर 2025) शाम की है जब कुछ युवक पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज कर मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद वहाँ पुलिस की वर्दी पहने युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट की है।
हालाँकि, पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई उनकी तरफ से नहीं की गई है। इसके चलते अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि किन लोगों द्वारा मारपीट की गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सच्चाई और इसमें शामिल लोगों की पहचान पुलिस जाँच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जाँच निष्पक्ष और शीघ्र की जाएगी, ताकि घटना के वास्तविक पहलू सामने आ सकें और किसी भी तरह की गलतफहमी से बचा जा सके।

