नवरात्रि में माता के जागरण में जॉन अजमेरी ने शुरू की कव्वाली, भजन की जगह गाने लगे ‘मेरा ख्वाजा’: लोगों ने किया विरोध, राजस्थान के अजमेर का मामला

राजस्थान के अजमेर में चैत्र नवरात्रि में माता के जागरण के दौरान एक बड़ा विवाद सामने आया है। शास्त्री नगर इलाके में आयोजित भजन संध्या के दौरान भजन गायक जॉन अजमेरी ने कव्वाली गानी शुरू कर दी। इस पर गुस्साए लोगों ने उनका जमकर विरोध किया। इसके बाद एक अन्य कार्यक्रम में भी लोगों ने उनका जमकर विरोध किया जिसके बाद उन्हें कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर जाना पड़ा।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार (21 मार्च 2026) को अलवर गेट क्षेत्र के नगरा इलाके में आयोजित माता के जागरण में जॉन अजमेरी ने भजन गाते-गाते ख्वाजा गरीब नवाज से जुड़ी ‘दूल्हा बना है मेरा ख्वाजा अजमेर की नगरी’ एक कव्वाली शुरू कर दी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इसे धार्मिक परंपराओं के अनुरूप नहीं मानते हुए आपत्ति जताई।

विरोध बढ़ने पर स्थिति को संभालने के लिए बीच-बचाव किया गया और कार्यक्रम को किसी तरह आगे बढ़ाया गया। हालाँकि, घटना के बाद मामला चर्चा में आ गया और बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद तक इसकी जानकारी पहुँच गई।

अगले दिन फिर हुआ विरोध, अजमेरी को छोड़ना पड़ा मंच

अगले दिन रविवार (22 मार्च 2026) को शास्त्री नगर स्थित गणेशगढ़ मंदिर में आयोजित भजन संध्या में जब जॉन अजमेरी प्रस्तुति देने पहुँचे, तो बजरंग दल के कार्यकर्ता वहाँ पहुँच गए और उन्होंने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। विरोध के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया और गायक को मंच छोड़कर जाना पड़ा। उनके जाने के बाद कार्यक्रम को दोबारा शुरू किया गया।

इस मामले में विश्व हिंदू परिषद से जुड़े पदाधिकारी किशन गुर्जर ने कहा कि इस तरह की प्रस्तुतियों से धार्मिक भावनाएँ आहत होती हैं और आयोजनों की परंपराओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। उनका कहना था कि पहले हुई घटना के बावजूद दोबारा वैसी ही प्रस्तुति की कोशिश की गई, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता था।