राहुल गाँधी से शादी करने की कंगना रनौत ने नहीं कही कोई बात, फर्जी बयान वायरल हुआ तो भड़कीं: कहा- पॉलिटिक्स में भी महिलाओं की इज्जत नहीं

बॉलीवुड की अभिनेत्री और मंडी से BJP की सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपनी शादी को लेकर विवादों में है। इस बार ऋतिक रोशन या चिराग पास्वान नहीं, बल्कि कॉन्ग्रेस नेता राहुल गाँधी से। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुआ, जिसमें कंगना रनौत का बयान दिया गया कि अगर राहुल गाँधी BJP में शामिल हो जाते हैं, तो वे उनसे शादी कर लेंगी।

इस वायरल पोस्ट पर कंगना रनौत की भी नजर पड़ी। उन्होंने इसे फर्जी बयान बताते हुए गुस्सा जाहिर किया। कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाई और लिखा, “यह फर्जी खबर कितनी घटिया है! राजनीति में भी महिलाओं के लिए कोई सम्मान नहीं है। इन फर्जी खबरों को फैलाने वालों पर शर्म आती है।”

यह पहली बार नहीं है जब कंगना रनौत की शादी को लेकर चर्चा हुई हो, इससे पहले भी उनकी बिहार में LJP के नेता और एक्टर रह चुके चिराग पासवान से शादी को लेकर फर्जी खबरें फैली थीं, लेकिन कंगना रनौत ने उन्हें ‘अच्छा दोस्त’ बता दिया था। इसके बाद अब राहुल गाँधी का नाम उनसे जोड़ा जा रहा है। हालाँकि, कंगना कई बार संसेद में राहुल गाँधी के भाषण की आलोचना करती नजर आई हैं।