कर्नाटक के सरकारी कार्यक्रम में कुरान का पाठ, कॉन्ग्रेस सरकार ने नहीं लिया कोई एक्शन: BJP ने उठाए धार्मिक तुष्टिकरण की राजनीति पर सवाल

कर्नाटक के धारवाड़ में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान कुरान की तिलावत (पाठ) करवाए जाने को BJP ने कड़ा विरोध किया है। पार्टी का कहना है कि यह सरकारी नियमों के खिलाफ है और कर्नाटक की कॉन्ग्रेस सरकार धार्मिक तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कार्यक्रम रविवार(5 अक्टूबर 2025) को वार्ड नंबर 34, विशाल नगर, ओल्ड हुब्बल्ली में हुआ था। इस मौके पर हुब्बल्ली-धारवाड़ नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और हेस्कॉम की ओर से करीब 10 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसी दौरान यहाँ कुरान की तिलावत की गई।

कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री संतोष लाड और कई सरकारी अधिकारी मौजूद थे। BJP ने इस कार्यक्रम का कड़ा विरोध किया है। विधानसभा में विपक्ष के डिप्टी लीडर और विधायक अरविंद बेल्लाड ने आरोप लगाया कि सरकारी मंच पर कुरान का पाठ करवाना पूरी तरह से सरकारी नियमों और प्रोटोकॉल का उल्लंघन है।

बेल्लाड ने इस मामले में राज्य के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की माँग की है। उनका कहना है कि सरकारी कार्यक्रम धर्मनिरपेक्ष होते हैं और किसी एक मजहब का मजहबी पाठ वहाँ करवाना अनुचित है।

इस घटना के विरोध में BJP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धारवाड़ के डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने रुद्र मंत्रों और भगवान बसवेश्वर के मंत्रों का पाठ किया और हवन भी किया। BJP का कहना है कि कॉन्ग्रेस सरकार धार्मिक तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है और सरकारी कार्यक्रमों को धर्म विशेष से जोड़ रही है, जो संविधान की भावना के खिलाफ है।