पहले निलंबित, अब पार्टी से किया बाहर: केरल MLA राहुल ममकूटथिल पर रेप-धमकी-जबरन गर्भपात के गंभीर आरोपों के बाद कॉन्ग्रेस का बड़ा एक्शन

केरल में रेप के दो गंभीर मामलों में घिरे विधायक राहुल ममकूटाथिल को कॉन्ग्रेस ने गुरुवार (4 दिसंबर 2025) को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित (निकाल) कर दिया है। यह बड़ी कार्रवाई तब हुई, जब तिरुवनंतपुरम की जिला सत्र कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया। पहले ही निलंबित चल रहे राहुल ममकूटाथिल की पार्टी से छुट्टी कर दी गई है।

पार्टी ने क्यों लिया बड़ा फैसला?

कॉन्ग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ ने बयान जारी करते हुए कहा कि विधायक राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ दर्ज गंभीर आपराधिक मामलों और हाल ही में मिली नई शिकायतों को देखते हुए यह फैसला लेना बहुत जरूरी था।

उन्होंने जोर दिया कि पार्टी ने इन आरोपों को कभी दबाने की कोशिश नहीं की। इस कार्रवाई से पहले राहुल ममकूटाथिल को कॉन्ग्रेस विधायक दल से भी हटा दिया गया था, जिसके बाद वे विधानसभा में कॉन्ग्रेस की सीटिंग से दूर हो गए थे।

मामले की जड़ और राजनीतिक असर

हाल ही में राहुल ममकूटाथिल पालक्काड़ उपचुनाव से विधायक बने और युवा कॉन्ग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं, पिछले हफ्ते से कथित तौर पर फरार चल रहे हैं। उनके खिलाफ एक महिला ने रेप और जबरन गर्भपात का आरोप लगाया था। मंगलवार (2 दिसंबर 2025) को एक दूसरी महिला ने 2023 में यौन शोषण का आरोप लगाते हुए एक और शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद उनके खिलाफ दूसरा एफआईआर दर्ज हुआ।

स्थानीय निकाय चुनाव से ठीक एक हफ्ते पहले हुए इस घटनाक्रम ने कॉन्ग्रेस के लिए गहरा राजनीतिक संकट खड़ा कर दिया था। पार्टी को डर था कि यह विवाद यूडीएफ (UDF) के चुनावी प्रदर्शन को बुरी तरह प्रभावित कर सकता है।