बहुचर्चित फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2- गोज बियॉन्ड’ की रिलीज पर केरल हाई कोर्ट ने गुरुवार (26 फरवरी) को अंतरिम रोक लगा दी है। जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस की बेंच ने यह फैसला फिल्म को मिले सेंसर बोर्ड (CBFC) के सर्टिफिकेट को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सुनाया।
कोर्ट ने माना कि पहली नजर में ऐसा लगता है कि फिल्म को सर्टिफिकेट देते समय बोर्ड ने सभी पहलुओं पर ठीक से गौर नहीं किया है। अब सेंसर बोर्ड को अगले दो हफ्तों के भीतर फिल्म पर दोबारा फैसला लेना होगा, तब तक यह फिल्म पर्दे पर नहीं आ सकेगी।
कोर्ट में याचिकाकर्ताओं ने दलील दी थी कि यह फिल्म केरल राज्य की गलत छवि पेश करती है और इसकी कहानी से समाज में सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने कहा कि हालाँकि हम फिल्मों की रिलीज में दखल देने से बचते हैं, लेकिन अगर किसी कंटेंट से सांप्रदायिक तनाव बढ़ने का असली खतरा हो, तो हस्तक्षेप करना जरूरी हो जाता है।
इससे पहले की सुनवाई में भी अदालत ने साफ कर दिया था कि जब तक अंतिम फैसला नहीं हो जाता, फिल्म की रिलीज को रोका जा सकता है। अब सबकी नजरें सेंसर बोर्ड के अगले कदम पर टिकी हैं।

