केरल के पथानामथिट्टा जिले में एक 58 वर्षीय व्यक्ति को एक घर में नग्न अवस्था में घुसकर बेडरूम में झाँकने को लेकर स्थानीय लोगों की भीड़ ने पकड़कर पीट दिया। घटना 7 जून 2026 को रन्नी इलाके के करिंकुट्टी में हुई। घायल व्यक्ति की पहचान उन्नाकावु निवासी वर्गीज मैथ्यू (Varghese Mathew) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वर्गीज मैथ्यू पर आरोप है कि वह इलाके की एक महिला के घर में पूरी तरह नग्न अवस्था में घुस गया और बेडरूम की खिड़की से अंदर मौजूद लोगों को चोरी-छिपे देख रहा था। महिला की शिकायत के आधार पर रन्नी पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मैथ्यू ने घर की निजता भंग करने की कोशिश की और संदिग्ध परिस्थिति में घर के आसपास घूम रहा था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया। जिसके बाद कुछ लोगों ने वर्गीज मैथ्यू को पकड़ लिया, उसे बाँध दिया और डंडों तथा हाथों से पीटा। भीड़ द्वारा की गई इस पिटाई में वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया है कि फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए भीड़ द्वारा की गई पिटाई को लेकर अलग कार्रवाई शुरू की। इस सिलसिले में पाँच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि यह पहली बार नहीं था जब वर्गीज मैथ्यू को इस तरह की हरकत करते देखा गया हो। उनके अनुसार, इससे पहले भी कई बार उसे इलाके में कथित तौर पर नग्न अवस्था में घूमते और घरों में झाँकते हुए देखा गया था। हालाँकि, इन दावों की भी पुलिस जाँच कर रही है। पुलिस ने बताया कि वर्गीज मैथ्यू ने फिलहाल अपने ऊपर हमला करने वालों के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज कराने से इनकार किया है।

