कराटे टीचर मुजीब रहमान ने ट्रेनिंग के बहाने 9वीं की छात्रा का किया यौन उत्पीड़न, कार और अकेडमी में कई बार बनाया शिकार: केरल पुलिस ने दबोचा

केरल के कोझिकोड जिले के थामरस्सेरी में कराटे शिक्षक मुजीब रहमान को नाबालिग छात्रा के यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसने कराटे सीखने आने वाली 9वीं में पढ़नेवाली 14 साल की लड़की का यौन उत्पीड़न किया।

थामरस्सेरी पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद मलप्पुरम निवासी अय्यप्पनकंडी मुजीब रहमान को गिरफ्तार किया। आरोपित से कराटे का प्रशिक्षण लेने पीड़िता आती थी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना पिछले साल जून और जुलाई के महीनों के दौरान हुई। शिकायत में बताया गया है कि कराटे कक्षाओं के दौरान आरोपित ने छात्रा का यौन उत्पीड़न किया। इसके अलावा, अभ्यास के बहाने उसे अपनी कार में ले जाकर भी परेशान किया।

घटना से डरी पीड़िता ने कुछ समय के लिए कराटे क्लास में जाना बंद कर दिया। पीड़िता के स्कूल काउंसलिंग के दौरान घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए POCSO समेत कई धाराओं के अंतर्गत गिरफ्तार किया।