पाकिस्तान के निशाने पर खाटूश्याम मंदिर, जासूसों से माँगे फोटो और लोकेशन: कई अन्य धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाने की साजिश

राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से छह लोगों की गिरफ्तारी के बाद सामने आया है कि ये लोग मंदिर की लोकेशन और तस्वीरें पाकिस्तान भेज रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, कौशांबी थाना क्षेत्र से पकड़े गए आरोपितों के मोबाइल की जाँच में पता चला कि वे खाटूश्याम मंदिर के अलावा देश के कई अन्य प्रसिद्ध मंदिरों की लोकेशन, फोटो और वीडियो भी पाकिस्तान भेज रहे थे। शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया कि इन्हें पाकिस्तान से ऑनलाइन ट्रेनिंग, फंडिंग और निर्देश मिल रहे थे।

इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियाँ अलर्ट हो गई हैं। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में CCTV से कड़ी निगरानी शुरू कर दी गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं। इस ऑपरेशन में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम भी शामिल रही।

पुलिस ने छह आरोपितों के साथ 29 संदिग्धों को हिरासत में लिया है जबकि हापुड़ से भी दो लोगों को पकड़ा गया है। जाँच में यह भी सामने आया है कि विदेशी ताकतें धार्मिक स्थलों और सैन्य ठिकानों पर नजर रखने की कोशिश कर रही थीं।