हरियाणा के नूहँ जिले में तावड़ू इलाके से एक गंभीर अपराध का मामला सामने आया है। यहाँ 17 साल की एक हिंदू नाबालिग लड़की का पहले अपहरण किया गया। इसके बाद, उसका जबरन धर्मांतरण कराया गया और फर्जी कागजातों के आधार पर उसका निकाह करा दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित तारिक और निकाह कराने वाले मौलवी रईस उद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बाकी आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है।
कैसे हुआ नाबालिग का अपहरण?
DSP तावड़ू अभिमन्यु लोहान ने बुधवार (1 अक्टूबर 2025) को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस घटना की जानकारी दी। लड़की 20 अगस्त 2025 को लापता हो गई थी। परिवार ने इसकी शिकायत 26 सितंबर 2025 को दर्ज कराई। परिवार ने भड़ंगपुर निवासी तारिक पर आरोप लगाया कि उसने लड़की को बहला-फुसलाकर भगाया था।
जाँच में फर्जीवाड़ा आया सामने
पुलिस की जाँच में यह खुलासा हुआ कि आरोपित तारिक ने नाबालिग लड़की का धर्मांतरण कराया। फिर उसने फर्जी तरीके से उसका निकाह करा दिया। निकाहनामे में जो गवाह दिखाए गए थे, वे असली नहीं थे। वे सब झूठे थे।
मौलवी की मुख्य भूमिका और गिरफ्तारी
इस पूरे फर्जीवाड़े में मौलवी रईस उद्दीन की मुख्य भूमिका रही। उसने यह निकाह कराया। मौलवी ने झूठे दस्तावेज बनवाए ताकि लड़की को नाबालिग होने के बावजूद बालिग साबित किया जा सके। पुलिस ने मुख्य आरोपी तारिक और मौलवी रईस उद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने फर्जी निकाहनामा समेत अन्य फर्जी दस्तावेज भी बरामद किए हैं। पुलिस ने दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

