जुनैद-नासिर ने कोलकाता के 5 स्टार होटल में महिला से की छेड़छाड़-मारपीट, 2012 गैंगरेप में पाया गया था दोषी: FIR के बाद भी नहीं हुई गिरफ्तारी

कोलकाता के एक 5 स्टार होटल हयात रीजेंसी के क्लब में पार्टी के दौरान एक महिला के साथ छेड़छाड़, मारपीट और बोतलों से हमला करने का मामला सामने आया है। रविवार (26 अक्टूबर 2025) सुबह हुई इस घटना के बाद महिला को जान बचाने के लिए क्लब के लिकर रूम में छिपना पड़ा, जहाँ से पुलिस ने उन्हें बचाया।

जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति-भाई और दोस्तों के साथ क्लब में पार्टी कर रही थी, तभी जुनैद खान और नासिर खान नामक दो लोगों और उनके साथियों से उनकी लड़ाई हुई। FIR में जुनैद खान और नासिर खान (जो 2012 पार्क स्ट्रीट गैंगरेप केस में दोषी रह चुका है) समेत अन्य लोगों को आरोपित बताया गया।

पीड़िता ने उन पर यौन उत्पीड़न की कोशिश करने और 20 अन्य लड़कों को बुलाकर हमला करवाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, सीसीटीवी फुटेज जुटाने की प्रक्रिया चल रही है।

वहीं, पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जाँच शुरू कर दी गई है और पीड़िता के बयान व मेडिकल रिपोर्ट को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। महिला ने जल्द न्याय की माँग की है और आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार करने की अपील की है।