हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पुलिस का एक खौफनाक और शर्मनाक चेहरा सामने आया है। लाडवा थाने में बोन कैंसर से पीड़ित एक युवक के साथ मारपीट और रेप का आरोप लगा है। कुरुक्षेत्र के SP चंद्र मोहन ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। उन्होंने दोनों आरोपित ASI और होमगार्ड को तुरंत सस्पेंड कर दिया है।
पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और कुकर्म के संगीन आरोपों की जाँच के लिए SIT का गठन कर दिया है। पीड़ित युवक एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करता है। वह बोन कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। 17 जून 2026 की रात वह अपनी ड्यूटी खत्म करके बाइक से घर लौट रहा था।
इंद्री रोड पर पुलिस ने नाका लगाया हुआ था। वहाँ तैनात होमगार्ड ने युवक को रास्ते में रोक लिया। युवक ने धूल से बचने के लिए चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। इसी बात को लेकर होमगार्ड और युवक के बीच कहासुनी हो गई। इसके कुछ देर बाद डायल-112 की टीम वहाँ पहुँची। पुलिसकर्मी युवक को जबरन अपनी गाड़ी में डालकर लाडवा थाने ले गए।
बीमारी की दुहाई दी, पर वर्दीवालों को नहीं आई दया
थाने के बंद कमरे में दो ASI संजीव, राजेंद्र और होमगार्ड सुमित ने युवक को बेरहमी से पीटा। उन्होंने युवक के कपड़े उतरवाकर उसके साथ कुकर्म किया। पीड़ित चीखता रहा, अपनी कीमोथेरेपी और कैंसर की दुहाई देता रहा, लेकिन इन जालिमों का दिल नहीं पघला।
अगले दिन ब्लीडिंग होने पर पीड़ित को कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दरिंदगी के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और SIT की रिपोर्ट आते ही आरोपितों को सीधे जेल भेजा जाएगा।

