कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में डॉक्टर और इन्फ्लुएंसर सेजल पवार द्वारा दिया गया एक बयान सोशल मीडिया पर विवाद का कारण बन गया है। हालाँकि बढ़ते विवाद के बीच सेजल पवार ने अब अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी माँग ली है और कहा है कि भविष्य में वह ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगी।
दरअसल प्रणित मोरे के शो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें सेजल पवार ने मेडिकल कॉलेज के दिनों का एक अनुभव साझा किया था। उन्होंने बताया था कि मुंबई के केईएम अस्पताल में पढ़ाई के दौरान मेडिकल रिसर्च और डिसेक्शन के लिए दान किए गए शवों के प्राइवेट पार्ट्स को लेकर कुछ छात्र आपस में मजाक किया करते थे।
बातचीत के दौरान उन्होंने शवों के अंगों के आकार को लेकर चर्चा होने लगी थी। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि मेडिकल की पढ़ाई के लिए दान किए गए शवों का सम्मान किया जाना चाहिए।
विवाद बढ़ने पर सेजल पवार ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर माफी माँगी। उन्होंने कहा कि वीडियो को दोबारा देखने के बाद उन्हें समझ आया कि उनकी बातों से लोगों की भावनाएँ आहत हुई हैं।
उन्होंने माना कि विषय बेहद संवेदनशील था और उनकी टिप्पणी गलत तरीके से सामने आई। सेजल ने कहा कि वह अपनी गलती की पूरी जिम्मेदारी लेती हैं और भविष्य में ऐसे मामलों पर अधिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपनी बात रखेंगी।

