कर्नाटक की कॉन्ग्रेस सरकार में लंबे समय से खींचतान जारी है। मंगलवार (26 मई 2026) को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की दिल्ली में कॉन्ग्रेस हाईकमान के साथ बैठक के बाद अब जानकारी सामने आ रही है कि सिद्धारमैया को ही सीएम पद से इस्तीफा देना होगा। डेकन हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, कॉन्ग्रेस हाईकमान का आदेश है कि उनकी जगह डीके शिवुकमार को मुख्यमंत्री बनाया जाए।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि कॉन्ग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर का नाम भी मुख्यमंत्री की रेस में था। लेकिन कॉन्ग्रेस हाईकमान ने आखिरी ठप्पा डीके शिवकुमार के नाम पर ही लगाया। कर्नाटक कॉन्ग्रेस के प्रमुख डीके शिवकुमार को प्रियंका गाँधी का भी समर्थन है।
उधर, हाईकमान की ओर से सिद्धारमैया से कहा गया कि वे ओबीसी समुदाय का एक बड़ा चेहरा हैं और पार्टी 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले उनके लिए महत्वपूर्ण भूमिका तय करेगी। पार्टी उन्हें राज्यसभा भेजने का प्रस्ताव दिया है। पार्टी ने उनसे कहा कि दिल्ली में उनकी जरूरत है और उन्हें दिल्ली आना चाहिए। सिद्धारमैया गुरुवार (28 मई 2026) को इस्तीफा दे सकते हैं।

