लंदन के हैमरस्मिथ में पिछले 16 सालों से अपनी पहचान बना चुका मशहूर भारतीय रेस्टोरेंट ‘रंगरेज’ अगले महीने हमेशा के लिए बंद होने जा रहा है। इसके मालिक हरमन सिंह कपूर ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखकर इस फैसले की जानकारी दी।
मालिक हरमन सिंह ने बताया कि लगातार बढ़ रही लागत, पाकिस्तानी समूहों द्वारा किए जा रहे हमले, ऑनलाइन उत्पीड़न और लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस से सही मदद न मिलने की वजह से उन्होंने भारी मन से इसे बंद करने का निर्णय लिया है।
एक्टिविज्म पर रहेगा पूरा फोकस
हरमन कपूर ने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा कि अब वह अपना पूरा समय कट्टरपंथ के खिलाफ एक्टिविज्म (सक्रियता) को देंगे। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा, “कट्टरपंथी यह याद रखें कि आप मेरा बिजनेस तो रोक सकते हैं, लेकिन मेरा हौसला नहीं। अब मैं बिना किसी रुकावट के और भी मजबूती से आपके खिलाफ लड़ूँगा।” मालिक हरमन सिंह ने उन सभी ग्राहकों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने इन 16 सालों में उनका साथ दिया।
खालिस्तानी और पाकिस्तानी कट्टरपंथियों के निशाने पर थे मालिक
इस विवाद की जड़ें साल 2023 से जुड़ी हैं। हरमन सिंह कपूर ने सोशल मीडिया पर खालिस्तान आंदोलन की आलोचना करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसके बाद से उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियाँ मिलने लगीं।
मालिक हरमन सिंह के रेस्टोरेंट पर हमला किया गया और उन पर दबाव डाला गया कि वे ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाएँ। हरमन सिंह का आरोप है कि लंदन पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और सबूत देने के बावजूद उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिली, जिससे उनका परिवार लगातार डर के साये में जी रहा था।
सोशल मीडिया पर लोगों ने जताया दुख
रेस्टोरेंट बंद होने की खबर मिलते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने दुख जताया। एक यूजर ने लिखा कि ‘रंगरेज का खाना लाजवाब था, यह सुनकर बहुत बुरा लगा।’ वहीं कुछ लोगों ने ब्रिटिश प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि टैक्स देने के बावजूद एक व्यापारी को सुरक्षा न मिलना शर्मनाक है। 16 साल पुराने इस बिजनेस का बंद होना लंदन में कट्टरपंथ और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

