राजस्थान के अलवर जिले से एक सनसनीखेज लव जिहाद का मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र की कटोरी वाला तिबारा निवासी एक पोस्ट ग्रेजुएट छात्रा ने 32 वर्षीय बिल्डर अजीज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अजीज ने खुद को राहुल नाम का हिंदू युवक बताकर तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर छात्रा को प्रेम जाल में फंसाया। धीरे-धीरे रिश्ता गहरा हुआ और जान से मारने की धमकी देकर अजीज ने छात्रा को दिल्ली ले जाकर कोर्ट मैरिज कर ली।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी के दो साल बाद छात्रा को सच्चाई का पता चला। अजीज असल में मुस्लिम है, पहले से शादीशुदा है और एक बेटी का अब्बू भी। पीड़िता ने बताया कि अजीज ने अपनी पहली बीवी को घर लाने की कोशिश की, जिस पर विरोध करने पर छात्रा की कथित तौर पर पिटाई की गई। छात्रा ने शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि अजीज ने हमेशा अपनी पहचान छिपाई रखी।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंगल, भाजपा पदाधिकारी और कई सामाजिक कार्यकर्ता थाने पहुँचे। उन्होंने आरोपित अजीज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग की। पूर्व विधायक सिंगल ने कहा, “थाना प्रभारी से बात हुई है। उन्होंने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अजीज जैसे दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उनके परिवार को पैसे की ताकत का घमंड है, लेकिन दुनिया में सब कुछ नहीं बिकता।”
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अजीज के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जाँच शुरू कर दी। हालाँकि देर रात छात्रा ने लिखित राजीनामा देकर शिकायत वापस ले ली और कार्रवाई न करने का अनुरोध किया।

