‘थूकना, लव जिहाद फैलाना और रंगों में काँच मिलाना… होली पर हो सकता है ये सब’ : फलाहारी बाबा ने CM योगी को लिखा पत्र, कहा- मुस्लिमों को त्योहार से दूर रखो

होली के त्योहार से पहले उत्तर प्रदेश के मथुरा के कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास केस के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर होली के दौरान मुसलमानों की एंट्री पर रोक लगाने की माँग की है। अपने पत्र में दिनेश फलाहारी ने लिखा है कि होली हिंदुओं का पवित्र त्योहार और मुसलमानों को होली के आयोजन और कार्यक्रमों से दूर रखा जाए।

फलाहारी बाबा ने पत्र में लिखा, “यह लोग हमारे होली के त्यौहार में आसपास दुकान लगाते हैं, दुकानों पर होली के कलर बेचते हैं, इनको होली के रंगों से और हिंदुओं से बहुत नफरत होती है, यह हमारे होली के रंग में काँच को पीसकर मिला सकते हैं, थूक सकते हैं, हमारे पवित्र त्योहार में लव जिहाद की घटना को बढ़ावा देते हैं।”

उन्होंने CM योगी से अनुरोध किया है कि जो व्यक्ति नाम बदलकर, पहचान छुपा कर, भेष बदलकर दुकानों में होली के पवित्र रंगों को बेचते हैं तो उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए। बाबा ने लिखा, “यह लोग पहचान छुपा कर हमारे त्योहार को अपवित्र करने का प्रयास करते हैं, जब हम उनके त्योहारों में नहीं जाते, हम इनके मक्का मदीना नहीं जाते हैं, हम इनके मदरसे और मस्जिदों में नहीं जाते तो यह हमारे त्यौहारों में घुसपैठ करने का प्रयास क्यों करते हैं। मुस्लिमों को हमारे पवित्र त्योहार से दूर रहना चाहिए।”

फलाहारी बाबा का दावा है कि ये लोग दूसरे धर्म के त्योहारों में रंग में भंग डालने की कोशिश करते हैं। गौरतलब है कि मथुरा के वृंदावन और बरसाना की होली विश्वभर में प्रसिद्ध है और लाखों लोग इसमें शामिल होने के लिए मथुरा-वृंदावन पहुँचते हैं।