Saturday, July 12, 2025

लखनऊ में 12 लोगों की हुई घर वापसी, हिन्दू संगठन ने करवाया शुद्धिकरण: बताया- बलरामपुर के छांगुर पीर ने करवाया था धर्मांतरण

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक दर्जन लोगों की घर वापसी करवाई गई है। इनका बलरामपुर के छांगुर पीर ने धर्मांतरण करवाया था। यह घर वापसी विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने करवाई है। गोमती नगर के डिगडिगा गाँव स्थित शिव भोला मंदिर में गुरुवार(03 जून 2025) को रीति-रिवाजों के साथ शुद्धिकरण कर यह कार्यक्रम पूरा किया गया।

इनके माथे पर त्रिपुंड भी लगाया गया। घर वापसी करने वालों में मंडवी शर्मा (जैनब), सोनू रानी, मालती, रीना, पल्लवी, हरजीत कश्यप जैसे नाम शामिल हैं, जिनके नाम धर्म बदलने के बाद बदल दिए गए थे। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने आरोप लगाया कि अब तक प्रदेश में हजारों लोगों को मुस्लिम बनाया जा चुका है।

जिस छांगुर पीर पर इन 12 लोगों के इस्लामी धर्मांतरण का आरोप लगा है, उसके खिलाफ एक दलित परिवार पहले ही ऐसा मामला दर्ज करवा चुका है। 2022 में इस छांगुर पीर पर एक दलित व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि उसने जब मजदूरी माँगी तो पीर ने उससे इस्लाम कबूल करने को कहा।

हिन्दू संगठनों का आरोप है कि छांगुर पीर, मोहम्मद अहमद खान और अब्दुल माबूद रजा उर्फ आकिब जैसे लोगों के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद भी अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।