लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय अल्ताफ उर्फ कल्लू ने अपनी बीवी यासमीन की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस जाँच में सामने आया कि आरोपित को अपनी 24 वर्षीय बीवी पर एक करीबी रिश्तेदार के साथ प्रेम प्रसंग का शक था, जिसको लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
गुरुवार (14 मई 2026) की रात झगड़ा बढ़ने पर अल्ताफ ने यासमीन की हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को बोरे में भरा और ई-रिक्शा से लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा डैम के किनारे फेंक दिया। इसके बाद आरोपित खुद चिनहट थाने पहुँचा और बीवी की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने लगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसकी बातों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस को शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर अल्ताफ ने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने इंदिरा डैम के पास से बोरे में बंद यासमीन का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के अब्बू की तहरीर पर आरोपित अल्ताफ के साथ उसकी अम्मी, बहन, भाई और भाभी के खिलाफ भी हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की गहन जाँच जारी है।

