मुनव्वर राना की बेटी को शौहर ने दिया तीन तलाक: दहेज में ₹20 लाख ना देने पर घर से धक्के मारकर बाहर निकाला, मोहम्मद साकिब पर केस दर्ज

लखनऊ से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर शायर मरहूम मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना ने अपने शौहर पर तीन तलाक देने का गंभीर आरोप लगाया है। हिबा का कहना है कि उनके शौहर सैय्यद मोहम्मद साकिब ने न केवल उन्हें प्रताड़ित किया, बल्कि धक्के मारकर घर से निकालते हुए तीन बार ‘तलाक’ बोलकर रिश्ता खत्म कर दिया।

लखनऊ की सआदतगंज पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और जाँच शुरू कर दी है। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि मुनव्वर राना खुद इस कुप्रथा के खिलाफ मुखर रहे थे।

हिबा और साकिब का निकाह साल 2013 में हुआ था। हिबा का आरोप है कि निकाह के बाद से ही उन्हें दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। ससुराल वाले 20 लाख रुपए की माँग कर रहे थे। माँग पूरी न होने पर उनके साथ मारपीट की जाती थी।

हिबा ने पुलिस को बताया कि साकिब ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है। 1 अगस्त 2019 से देश में तीन तलाक कानून लागू है, जिसके तहत ऐसा करना पूरी तरह गैरकानूनी और दंडनीय अपराध है। पुलिस अब साकिब और उसके परिवार की भूमिका की पड़ताल कर रही है।