मध्य प्रदेश के ग्वालियर में निकाह का झाँसा देकर शादीशुदा महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। 26 साल की पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसकी सहेली के भाई मुश्फिक हुसैन ने उसे प्यार के जाल में फंसाकर शारीरिक संबंध बनाए और लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा।
पीड़िता के मुताबिक, यह घटना जनवरी 2025 से अप्रैल 2026 के बीच की है। दोस्ती के बाद आरोपित ने निकाह का वादा किया और संबंध बनाए। बाद में जब युवती की शादी किसी और युवक से हो गई, तो आरोपित ने उसे अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह उसे मिलने के लिए मजबूर करता रहा और बार-बार शारीरिक संबंध बनाता रहा।
जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपित ने उसके पति को उनके संबंधों की जानकारी दे दी और सबूत के तौर पर अश्लील फोटो-वीडियो भेज दिए। इससे युवती का घर टूट गया और पति ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद आरोपित ने फिर शादी का झाँसा दिया, लेकिन जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो वह मुकर गया।
परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत की। महिला थाना पुलिस ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, धमकी और IT एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जाँच कर रही है।

