इंदौर में चौराहे पर लगाया ‘I Love Pig’ का पोस्टर, सूअर की फोटो के साथ लिखा ‘सेव एनिमल’: विरोध में सड़क पर उतरे मुस्लिम

देशभर में ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर पर जारी विवाद के बीच मध्य प्रदेश के इंदौर में ‘आई लव पिग’ के पोस्टर लगाए जाने को लेकर बवाल हो गया है। इस घटना को लेकर मुस्लिम समुदाय ने कड़ी आपत्ति जताई है और सड़कों पर आकर प्रदर्शन भी किया है।

दरअसल, इंदौर में मंगलवार (7 अक्टूबर 2025) को कलेक्टर चौराहे के पास ‘आई लव पिग‘ सेव एनिमल का पोस्टर लगाए जाने से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ है। इस पोस्टर में सूअर की तस्वीर भी लगाई गई थी। यह वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले की जाँच भी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह पोस्टर किसने और किस उद्देश्य से लगाया है इसकी जाँच की जा रही है।

इस मामले को लेकर राजनीतिक भी शुरू हो गई है। कॉन्ग्रेस ने कहा कि इंदौर में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का षड्यंत्र किया जा रहा है। कॉन्ग्रेस ने इन लोगों पर NSA के तहत कार्रवाई करने की माँग की है। वहीं, बीजेपी की विधायक उषा ठाकुर का कहना है कि यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मामला है।