मध्य प्रदेश के जबलपुर में अंजुमन इस्लामिया इंग्लिश स्कूल ने सरकारी नियमों को दरकिनार करते हुए इस्लामिक कैलेंडर लागू कर जुम्मे (शुक्रवार) को साप्ताहिक अवकाश घोषित कर दिया। स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को व्हाट्सएप ग्रुप पर संदेश भेजकर जानकारी दी कि अब शुक्रवार को छुट्टी रहेगी और रविवार को स्कूल खुलेगा।
यह फैसला सरकारी नियमों के खिलाफ था, क्योंकि पूरे देश में सरकारी कैलेंडर के अनुसार रविवार को ही साप्ताहिक अवकाश होता है। इस निर्णय के सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी फैल गई और मामले ने तूल पकड़ लिया।
इसके बाद भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने इस आदेश का विरोध करते हुए जिला प्रशासन और जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत दी। उन्होंने कलेक्टर को पत्र लिखकर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की माँग की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिकायत के बाद शिक्षा विभाग की टीम स्कूल पहुँची और मुख्य गेट पर लगा ताला तुड़वाया।
जाँच के बाद अंजुमन इस्लामिया बोर्ड के पदाधिकारियों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और शुक्रवार की छुट्टी का आदेश रद्द कर दिया। स्कूल प्रबंधक अन्नू अनवर ने बताया कि शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के कारण कई बच्चे स्कूल नहीं आते थे, इसलिए स्कूल कमेटी ने यह निर्णय लिया था।
उन्होंने कहा कि अब जब लोगों को आपत्ति है, तो यह आदेश तुरंत वापस लिया गया है और स्कूल पहले की तरह रविवार को अवकाश रखेगा।

