मध्यप्रदेश के खंडवा के मोघट थाना क्षेत्र के आनंदनगर में एक छात्रा ने समीर खान पर धर्म परिवर्तन का दबाव डालने का आरोप लगाया। उसका कहना है कि समीर खान काफी दिनों से उसका पीछा कर रहा है। उसने जान से मारने की धमकी दी है। हिंदू संगठनों ने आरोपित समीर खान को पकड़ा, पुलिस ने मप्र धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
खंडवा की पीड़िता जावर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह हॉस्टल में रहती है। उसका कहना है कि समीर खान करीब एक महीने से उसे परेशान कर रहा था। उस पर इस्लाम कबूल करने और निकाह करने का दबाव बना रहा था। शुक्रवार (17 अक्तूबर 2025) को आनंदनगर में आरोपित ने उसे रोककर बाइक से घर छोड़ने का झूठा बहाना बनाते हुए धमकाया और कहा कि यदि वह इस्लाम कबूल नहीं करती है, तो उसे जान से मार देगा।
घटना की सूचना पर स्थानीय हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुँचे और आरोपित को पकड़कर रामेश्वर चौकी को सौंप दिया। दोनों को मोघट थाने ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मप्र धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित आपराधिक धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

