मध्य प्रदेश के खंडवा शहर में गुरुवार (5 मार्च 2026) रात एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भारी हंगामा खड़ा हो गया। इंस्टाग्राम पर मौलवी के खिलाफ की गई एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से नाराज इस्लामी भीड़ ने मोघट रोड थाने का घेराव कर दिया।
देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया और थाने के भीतर ही पथराव शुरू हो गया। स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने 22 नामजद सहित कुल 47 लोगों पर FIR दर्ज की है।
सोशल मीडिया पोस्ट से भड़की चिंगारी
मामले की शुरुआत इंस्टाग्राम पर वायरल हुई एक पोस्ट से हुई। फरियादी मुजाहिद कुरैशी और इस्लामी भीड़ के सैकड़ों लोग इस पोस्ट से नाराज होकर मोघट थाने पहुँचे थे। पुलिस ने उनकी शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपित के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 199 के तहत मामला दर्ज कर लिया। हालाँकि, FIR दर्ज होने के बावजूद कुछ शरारती तत्वों ने थाने के बाहर भीड़ को उकसाया और हंगामा शुरू कर दिया।
थाने में हंगामा, टीआई की कॉलर पकड़ी
जैसे-जैसे रात बीती, थाने के बाहर भीड़ बढ़ती गई। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन माहौल गरमा गया। इस दौरान कुछ इस्लामी कट्टरपंथियों ने मोघट रोड टीआई धीरेश धरवाल के साथ धक्का-मुक्की की और उनकी कॉलर तक पकड़ ली।
हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने बल प्रयोग किया और लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। भगदड़ के दौरान सड़क पर जूते-चप्पलों का ढेर लग गया और पुलिस ने सर्चिंग अभियान चलाकर उपद्रवियों की तलाश शुरू की।
युवती से मारपीट और बदसलूकी
इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक शर्मनाक बात यह सामने आई कि इस्लामी भीड़ में शामिल 8-10 युवकों ने एक युवती के साथ मारपीट और बदसलूकी की। युवती के चेहरे और सिर में चोटें आई हैं।
पीड़िता ने रोते हुए थाने पहुँचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में भी दोषियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है और कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
पुलिस का फ्लैग मार्च और शांति की अपील
तनाव को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एडिशनल एसपी महेंद्र तारनेकर और राजेश रघुवंशी ने मोर्चा संभालते हुए शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
#WATCH | Madhya Pradesh | Police conduct flag march after a social media post allegedly sparked ruckus in Khandwa
— ANI (@ANI) March 6, 2026
ASP Mahendra Taranekar says, "A post on social media was hurting religious sentiments, due to which some people gathered here to register an FIR… A case has been… pic.twitter.com/t3VIzCRpby
साथ ही, जनता से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक पोस्ट पर प्रतिक्रिया न दें और तुरंत पुलिस को सूचना दें। फिलहाल खंडवा में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन पेट्रोलिंग जारी है।

