सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल ने बच्चों से 16 बार जबरन लगवाया ‘अल्लाह-हू-अकबर’ का नारा, गुस्साए अभिभावकों ने किया हंगामा: MP के सिवनी का मामला

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के एक सरकारी स्कूल में कार्यवाहक प्रिंसिपल द्वारा क्लास के भीतर छात्रों से जबरन ‘अल्लाह-हू-अकबर’ के नारे लगवाए जाने का मामला सामने आने के बाद हंगामा हो गया है। यह घटना गीता जयंती के दिन बीते 1 दिसंबर को हुई थी। छात्रों से पहले भगवद्गीता के श्लोक पढ़वाए गए और फिर छात्रों से 16 बार ‘अल्लाह-हू-अकबर’ के नारे लगाने को कहा गया।

आरोपित प्राचार्य प्रतीक्षा मानगढे सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में कार्यवाहक प्राचार्य के तौर पर काम कर रही थीं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने कक्षा में मौजूद सभी छात्रों को नारे लगाने का निर्देश दिया था। इसके बाद बच्चों ने घर पहुँचकर यह बात बताई तो अभिभावक गुस्से में आ गए। गुस्साए अभिभावक, स्थानीय हिंदू संगठनों के साथ स्कूल के बाहर इकट्ठा हो गए और प्राचार्य को तुरंत निलंबित करने सहित सख्त कार्रवाई की माँग करने लगे।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुँची। इसके कुछ देर बाद जिला शिक्षा अधिकारी एस.एस. कुमरे भी वहाँ पहुँचे और लोगों को शांत करने की कोशिश की। इस बीच प्रदर्शन कर रहे लोगों ने अपील की है कि प्रशासन को इस मामले को हलके में नहीं लेना चाहिए।

कुमरे ने सफाई देते हुए कहा, “मानगढे ने सर्वधर्म सद्भाव के चलते सभी बच्चों से स्वैच्छिक रूप से नारे लगाने को कहा था। उन्होंने इसके लिए सभी से माफी भी माँगी है।”

बढ़ते दबाव के बाद, प्रशासन ने प्रतीक्षा मानगढे को जिला शिक्षा कार्यालय में ट्रांसफर कर दिया और जाँच शुरू करने की बात कही। एक अन्य वरिष्ठ अध्यापक धर्मेंद्र कुमार को नया कार्यवाहक प्रिंसिपल बनाया गया है। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने अरी थाना में शिकायत भी दर्ज कराई है और सरकारी स्कूल में मजहब की बातें थोपने को लेकर कानूनी कार्रवाई की माँग की है।