काली पन्नी में मुस्लिम महिला भरकर लाई मांस के टुकड़े, महराजगंज के प्राचीन शिव मंदिर में फेंकने पर भारी तनाव: आरोपित समेत परिवार हिरासत में

उत्तर प्रदेश के महराजगंज के नौतनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत खोरिया बाजार में एक प्राचीन शिव मंदिर में मांस का टुकड़ा फेंकने की घटना से सांप्रदायिक तनाव फैल गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित मुस्लिम महिला और उसके परिवार के सदस्यों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।

वर्तमान में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। घटना रविवार (19 अप्रैल 2026) रात करीब साढ़े आठ बजे की है, जब एक मुस्लिम महिला ने प्लास्टिक की पन्नी में मांस रखकर मंदिर परिसर में फेंक दिया। फर्श पर गिरते ही मांस बिखर गया, जिसे देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचा दिया।

सूचना मिलते ही खोरिया चौकी पुलिस और थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव दलबल के साथ पहुँचे। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और उनके सहयोग से मंदिर की साफ-सफाई कराई।

सोमवार (20 अप्रैल 2026) सुबह भी ग्रामीणों ने कार्रवाई की माँग को लेकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाने का आश्वासन दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।