महाराष्ट्र को आज नया उपमुख्यमंत्री मिलने जा रहा है। राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार शनिवार (31 जनवरी 2026) को महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने वाली हैं। यह पद उनके दिवंगत पति और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद खाली हुआ था, जिनकी दो दिन पहले एक विमान हादसे में मौत हो गई थी।
राष्ट्रवादी कॉन्ग्रेस पार्टी (NCP) के 40 विधायक शनिवार (31 जनवरी 2026) की दोपहर 2 बजे मुंबई के विधान भवन में बैठक कर उन्हें विधायक दल का नेता चुनेंगे, जिसके बाद शाम 5 बजे लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी ने सुनेत्रा पवार के नाम पर सहमति बना ली है।
वहीं वरिष्ठ मंत्री माणिकराव कोकाटे ने भी समर्थन देते हुए कहा कि ‘सुनेत्रा वहिनी’ को सभी निर्णय लेने का अधिकार दिया जाएगा। राज्य NCP प्रमुख सुनील तटकरे ने बताया कि विधायक, सांसद और पार्टी नेता शनिवार (31 जनवरी 2026) को बैठक कर औपचारिक चुनाव करेंगे।
मंत्रालयों और सीट पर अभी संशय
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि उपमुख्यमंत्री पद से संबंधित फैसले NCP द्वारा लिए जाएँगे। उन्होंने कहा, “हम NCP और अजीत पवार के परिवार द्वारा लिए गए फैसले का समर्थन करेंगे। सरकार और पार्टी के तौर पर हम उनके और पवार परिवार के साथ खड़े हैं। NCP नेताओं ने मुझसे दो बार मुलाकात की और पार्टी की आंतरिक प्रक्रिया और उनके सामने मौजूद विकल्पों पर चर्चा की।”
बता दें कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि सुनेत्रा पवार को अजित पवार के पास रहे वित्त जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय भी मिलेंगे या नहीं। वह फिलहाल विधानसभा या विधान परिषद की सदस्य नहीं हैं, इसलिए उन्हें उपचुनाव लड़ना होगा या ऊपरी सदन में नामांकन कराना पड़ेगा। अजित पवार की बारामती सीट पर अगले छह महीनों में उपचुनाव भी तय माना जा रहा है। गौरतलब है कि अजित पवार की मौत बुधवार (28 जनवरी 2026) को बारामती में हुए विमान हादसे में हुई थी।

