महाराष्ट्र के नासिक में TCS धर्मांतरण कांड की आरोपित निदा खान को अपने घर में पनाह देने वाला AIMIM पार्षद मतीन पटेल के अवैध घर पर प्रशासन का बुलडोजर चलेगा। शनिवार (9 मई 2026) को नगर निगम के अधिकारियों ने मतीन पटेल के नरेगाँव स्थित आवास पर नोटिस चपका दिया है।
नोटिस में साफ कहा गया है कि AIMIM पार्षद मतीन पटेल को 3 दिनों के भीतर घर और दुकान के निर्माण से जुड़े कानूनी दस्तावेज दिखाने होंगे। अगर कागज नहीं दिखाए गए, तो पूरे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया जाएगा।
नासिक पुलिस ने हिंदू महिलाओं का धर्मांतरण कराने की आरोपित निदा खान को दो दिन पहले मतीन पटेल के घर से गिरफ्तार किया था। निदा पिछले कई दिनों से फरार चल रही थी। आरोपित को पनाह देने के आरोप में पुलिस ने AIMIM पार्षद मतीन पटेल को भी आरोपित बनाया है।
BJP मेयर समीर राजुरकर के निर्देश पर हुई जाँच में पार्षद का घर शुरुआती तौर पर अवैध पाया गया है। AIMIM पार्षद मतीन पटेल के लिए मुसीबत और बढ़ सकती है। चुनाव के समय उन्होंने हलफनामा दिया था कि उनके पास कोई अवैध निर्माण नहीं है।
यदि यह घर आधिकारिक रूप से अवैध साबित होता है, तो उनकी पार्षद की कुर्सी भी जा सकती है। फिलहाल इलाके में भारी तनाव और हलचल का माहौल है।

