माँ-भाई की आँख में लाल मिर्च झोंककर जहीर-अयान ने घसीटते हुए किया हिंदू युवती को अगवा, 5 दिन बाद होनी थी शादी: पुणे में भड़के लोगों ने जाम किया हाईवे

महाराष्ट्र के पुणे जिले के इंदापुर (भिगवान) में एक बेहद शर्मनाक वारदात सामने आई है। यहाँ जहीर हारून शेख और अयान हारून शेख नामक दो मुस्लिम युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक 21 वर्षीय हिंदू लड़की का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया।

आरोपितों ने युवती की माँ और भाई की आँखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर उन्हें बुरी तरह पीटा और लड़की को जबरन कार में डालकर फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे पुणे में तनाव फैल गया है। हिंदू संगठनों ने बुधवार (18 फरवरी 2026) को ‘भिगवान बंद’ का ऐलान किया है और युवती की सुरक्षित वापसी की माँग को लेकर पुणे-सोलापुर हाईवे पर टायर जलाकर रास्ता जाम कर दिया।

शादी से पहले वारदात: आँखों में मिर्ची झोंककर अपहरण

पीड़ित युवती की 22 फरवरी को शादी होने वाली थी। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन 17 फरवरी की शाम 4 बजे जहीर और अयान शेख ने इन खुशियों को मातम में बदलने की कोशिश की। जब युवती अपने भाई और माँ के साथ मार्केट से लौट रही थी, तभी आनंद होटल के पीछे आरोपितों ने उन्हें घेर लिया। आरोपितों ने पहले भाई और माँ की आँखों में मिर्ची पाउडर फेंका ताकि वे देख न सकें, फिर युवती को घसीटते हुए गाड़ी में डाल दिया। विरोध करने पर भाई के साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई।

जहीर और अयान शेख की तलाश, नाकेबंदी जारी

वारदात के बाद आरोपित फरार हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपित जहीर हारून शेख और अयान हारून शेख के खिलाफ अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। पुणे ग्रामीण पुलिस के एडिशनल एसपी गणेश बिरादर ने बताया कि लड़की को रेस्क्यू करने के लिए 6 विशेष टीमें बनाई गई हैं। पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने टोल प्लाजा और एग्जिट पॉइंट्स पर भी कड़ा पहरा लगा दिया है।

हिंदू संगठनों का आक्रोश: हाईवे जाम और भिगवान बंद

इस वारदात की खबर फैलते ही हिंदू संगठनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार (17 फरवरी 2026) रात से ही लोग भिगवान पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने पुणे-सोलापुर नेशनल हाईवे पर टायर जलाकर घंटों रास्ता जाम रखा।

बुधवार (18 फरवरी 2026) को हिंदू संगठनों के आह्वान पर पूरे भिगवान इलाके के बाजार बंद हैं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। लोगों का आरोप है कि मुस्लिम युवक जानबूझकर हिंदू लड़कियों को निशाना बना रहे हैं। प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया है।