भारत को ‘हिंदू पाकिस्तान’ में बदलना चाहता है RSS: उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने संघ की विचारधारा पर उठाए सवाल

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी समारोह के अवसर पर संघ ने देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए हैं। इस पर शिवसेना के मुख पत्र सामना ने संघ की आलोचना करते हुए उसकी विचारधारा और राष्ट्रवाद पर सवाल उठाए हैं।

सामना में प्रकाशित लेख में कहा गया है कि स्वतंत्रता संग्राम और उसके बाद के राष्ट्र निर्माण में संघ का योगदान नगण्य रहा। बावजूद इसके संघ आजादी और राष्ट्रवाद पर भाषण दे रहा है। पत्र में आरोप लगाया गया कि संघ का वास्तविक लक्ष्य भारत को हिंदू राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है, जिसमें लोकतंत्र, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और संसद जैसी संस्थाओं का उल्लंघन शामिल हो सकता है।

सामना में यह भी दावा किया गया कि संघ का वास्तविक लक्ष्य भारत को ‘हिंदू पाकिस्तान’ में बदलना है। इसके लिए संघ व्यक्तिगत स्वतंत्रता, लोकतंत्र और संसद जैसी संस्थाओं की बलि देने को तैयार है।

सामना ने मोदी-शाह शासन को संघ के सपनों को साकार करने वाला करार दिया और कहा कि संघ कट्टर हिंदुत्व के एजेंडे को आगे बढ़ा रहा है। लेख में यह भी उल्लेख किया गया कि हाल के विजयादशमी सम्मेलन में सरसंघचालक मोहन भागवत ने बीजेपी के सुर में सुर मिलाकर भाषण दिया, जबकि अपेक्षा थी कि संघ शताब्दी के मौके पर नई दिशा और मार्गदर्शन देगा।

सामना ने संघ के राष्ट्रवाद और हिंदुत्व की अवधारणा पर गंभीर बहस की जरूरत होने पर जोर दिया है।