प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 मई 2026 को बेंगलुरु में ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुँचे थे। प्रधानमंत्री के इस दौरे में बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई, जिसकी जाँच के बाद बेंगलुरु दक्षिण जिले के सब इंस्पेक्टर (SI), एसिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) और 4 कॉन्सटेबल समेत कुल 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई पीएम मोदी के बेंगलुरु दौरे के ठीक दो हफ्ते बाद हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बेंगलुरु दौरे के दौरान पीएम मोदी के काफिले के रूट के पास एक संदिग्ध बॉक्स मिला था। यह बॉक्स आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर से करीब 2 से 3 किलोमीटर दूर कुप्पारेड्डी केरे इलाके में सड़क किनारे पड़ा मिला था।
शुरुआती जाँच में सामने आया कि बॉक्स के भीतर दो जिलेटिन स्टिक और माचिस हैं। हालाँकि बाद में राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) ने मामले में तफ्तीश की तो पता लगा कि बॉक्स में बैटरी, वायर, कपूर, रियल टाइम क्लॉक और LCD डिस्प्ले जैसी अन्य सामग्री भी मौजूद थी। यह सारा सामान एक कार्टन बॉक्स में पैक होकर किसी निजी घर की दीवार के पास रखा गया था।
वहीं फोरेंसिक रिपोर्ट में कहा गया कि बॉक्स से विस्फोट का खतरा नहीं था। रिपोर्ट में बताया गया कि बरामद जिलेटिन स्टिक लगभग तीन साल पुरानी थी। साथ ही टाइमर काम नहीं कर रहा था और बॉक्स में डेटोनेटर भी मौजूद नहीं था। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियों ने इसे बेहद गंभीर मामला माना, क्योंकि यह संदिग्ध सामान प्रधानमंत्री के काफिले के रूट से बेहद करीब मिला था। इसी वजह से मामले में कार्रवाई करते हुए 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया।

